750 करोड़ के शराब घोटाले पर सियासी बवाल, बाबूलाल मरांडी ने CBI जांच की उठाई मांग


रांची : झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में सामने आए 750 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को ज्ञापन सौंपते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए।

मरांडी का आरोप है कि वर्ष 2022 में उत्पाद नीति में बदलाव के बाद शुरू हुए इस घोटाले में ACB ने समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं की। इसके कारण तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय कुमार चौबे और संयुक्त उत्पाद आयुक्त गजेंद्र सिंह जैसे प्रभावशाली आरोपियों को डिफॉल्ट बेल मिल गई। बताया गया कि कुल 17 आरोपियों में से 14 को चार्जशीट दाखिल न होने के चलते जमानत मिल चुकी है।
उन्होंने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इसे जल्द से जल्द CBI को सौंपने और ACB को चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश देने की मांग की है।


