सालगिरह के दिन ही बुझी जिंदगी, चंद घंटों में पति-पत्नी की मौत से भावुक हुआ हर कोई


जमशेदपुर : शहर के सोनारी इलाके में एक बुजुर्ग दंपत्ति की कुछ ही घंटों के अंतराल में मौत हो जाने से भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। 81 वर्षीय हरजीत सिंह का निधन 27 मार्च की शाम को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में स्वाभाविक रूप से हो गया। उनके पार्थिव शरीर को परिजनों ने अस्पताल के शीतगृह में रखकर अगले दिन अंतिम संस्कार की तैयारी की थी।

इसी बीच उनकी 76 वर्षीय पत्नी सुरजीत कौर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह ही उनका भी निधन हो गया। खास बात यह रही कि जिस दिन दोनों की मौत हुई, उसी दिन उनकी शादी की सालगिरह भी थी। इस घटना को लोग उनके गहरे प्रेम का प्रतीक मान रहे हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बाद में परिवार के सदस्यों ने दोनों का अंतिम संस्कार साथ में किया। दंपत्ति अपने पीछे बहू, बेटी, दामाद और नाती-पोतों से भरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बेटे का भी कुछ वर्ष पहले बीमारी से निधन हो चुका था। पोते गुरप्रीत सिंह साज और तरणदीप कौर सहित पूरे परिवार ने उन्हें एक साथ अंतिम विदाई दी।


