शिलापट्ट पर नाम को लेकर बवाल, सांसद को नीचे दिखाने पर भड़की बीजेपी नेत्री


चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा बेंद लैंम्पस लिमिटेड के 100 एमटी क्षमता वाले गोदाम के शिलान्यास के दौरान लगाए गए शिलापट्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। शिलापट्ट में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो का नाम नीचे दर्ज किए जाने पर भाजपा नेत्री चंदना मुर्मू ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया।उन्होंने कहा कि सांसद लोकसभा क्षेत्र के सर्वोच्च जनप्रतिनिधि होते हैं, इसलिए ऐसे कार्यक्रमों में उनका नाम प्रमुख स्थान पर होना चाहिए। नाम को नीचे रखना जनप्रतिनिधियों के सम्मान के खिलाफ है और यह प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने इस मामले की जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और शिलापट्ट में तत्काल सुधार कर सांसद का नाम उचित स्थान पर दर्ज करने की मांग की है।

साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और सभी सरकारी कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


