मोबाइल बंद, दिमाग ऑन: हैकाथॉन में छात्रों ने दिया करियर गैप का समाधान


जमशेदपुर : यंग इंडियंस (Yi) द्वारा रविवार को IDS6 हैकाथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने “कैम्पस-टू-करियर” गैप जैसे अहम मुद्दे पर काम किया। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रतिभागियों को दिन के पहले हिस्से में अपने मोबाइल फोन और लैपटॉप बंद रखने को कहा गया, ताकि वे गहन चर्चा और रचनात्मक सोच पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

छात्रों ने मिलकर माइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और MSME जैसे क्षेत्रों के लिए समाधान तैयार किए, साथ ही ITI और NGO की भूमिका को भी नए नजरिए से समझने का प्रयास किया। इस पहल का नेतृत्व इनोवेशन चेयर श्रद्धा अग्रवाल और को-चेयर प्रियंका अग्रवाल ने किया, जबकि रोहित केडिया और विवेक देबुका ने मेंटर के रूप में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में टीमों ने अपने आइडिया जूरी के सामने प्रस्तुत किए, जिसमें उदित अग्रवाल, रोहित गोयल, पुनीत काउंटिया और पूर्णिमा डोरे शामिल रहे। हैकाथॉन के अंत में शीर्ष 5 टीमों का चयन किया गया, जो अब दो सप्ताह के पायलट प्रोजेक्ट पर काम करेंगी और आगामी प्रस्तुति कार्यक्रम में अपने परिणाम साझा करेंगी।


