पानी टंकी का छत गिरने से हड़कंप, त्वरित कार्रवाई की मांग तेज


जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के एम.ई. स्कूल रोड स्थित पानी टंकी का छत कुछ दिन पहले अचानक गिर जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वहीं किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हिदायतुल्लाह खान ने झारखंड पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है और तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने बताया कि पानी टंकी की क्षति के कारण क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी हो रही है। साथ ही, क्षतिग्रस्त ढांचा आसपास के लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि इस पूरे मामले की तुरंत तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि नुकसान के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इसके अलावा, हिदायतुल्लाह खान ने जिम्मेदार लोगों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक स्थानीय निवासियों के लिए वैकल्पिक जल आपूर्ति की व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए। साथ ही, समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया है, ताकि लोगों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।




