श्रमिक मित्रों के मानदेय और अस्पताल सेवाओं पर सवाल, विधायक समीर मोहंती ने सदन में उठाई आवाज


चाकुलिया : बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने सदन में राज्य के श्रमिक मित्रों की स्थिति को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में 3000 से अधिक श्रमिक मित्र कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें प्रोत्साहन राशि के रूप में बहुत कम भुगतान किया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में पर्याप्त नहीं है। उन्होंने बताया कि ये श्रमिक मित्र जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उन्हें न्यूनतम मजदूरी के अनुरूप मानदेय दिया जाना चाहिए।

इसके साथ ही विधायक ने गुड़ाबांदा प्रखंड के वनमाकड़ी स्थित कल्याण विभाग द्वारा संचालित ग्रामीण अस्पताल की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले पांच महीनों से अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों को मानदेय नहीं मिलने के कारण वे हड़ताल पर हैं, जिससे क्षेत्र का यह एकमात्र अस्पताल पूरी तरह ठप हो गया है।
विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का इस तरह बाधित होना गंभीर चिंता का विषय है और इससे हजारों ग्रामीण प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द चिकित्सा कर्मियों का बकाया मानदेय भुगतान किया जाए और अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बहाल की जाएं।



