4.15 करोड़ की दो विकास योजनाओं का शिलान्यास, क्षेत्र में विकास को मिलेगी रफ्तार


जमशेदपुर : पोटका विधानसभा क्षेत्र के तेतला गांव में विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक संजीव सरदार ने 4 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में 3.05 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गितिगोडा भवन और 1.10 करोड़ रुपये की लागत से पावरु चौक से चारडीहा तक करीब 1.240 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य शामिल है।

विधायक ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। गितिगोडा भवन बनने से स्थानीय स्तर पर सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में सहूलियत होगी, जबकि नई सड़क बनने से ग्रामीण इलाकों के बीच आवागमन बेहतर होगा और क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार नई योजनाएं लाई जा रही हैं और भविष्य में भी सड़क, भवन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद रहे।



