परमाणु ऊर्जा मीट में जादूगोड़ा का जलवा! आनंद महतो ने 200 और 400 मीटर में जीता स्वर्ण


जादूगोड़ा : तेलंगाना के मनुगुरु में परमाणु ऊर्जा विभाग की 40वीं खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिता 11 से 13 फरवरी तक आयोजित की गई। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर की 25 इकाइयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में यूसील कर्मियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ यूसील बल्कि झारखंड का भी नाम रोशन किया। यूरेनियम मजदूर संघ के पूर्व महामंत्री आनंद महतो ने 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर सबका ध्यान आकर्षित किया।
200 मीटर दौड़ में आनंद महतो ने कोणार्क टीम (यूसील) का प्रतिनिधित्व करते हुए पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर वीणादयालन पी (रामेश्वरम) रहे, जबकि तीसरे स्थान पर जेके टेलर (द्वारका) रहे।
400 मीटर दौड़ में भी आनंद महतो ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में दूसरे स्थान पर वीणादयालन पी और तीसरे स्थान पर आरजी भूजवल (एलोरा) रहे।
इसके अलावा 100 मीटर दौड़ में तुरामडीह के रंजीत पारिया ने कांस्य पदक जीता। वहीं रिले रेस में यूसील की कोणार्क टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया।
आनंद महतो नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट में कार्यरत हैं। वे पिछले पांच वर्षों से लगातार इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। उनकी उपलब्धि को कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
रविवार को यूसील की टीम जादूगोड़ा पहुंची, जहां आनंद महतो का भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने उनकी सफलता पर खुशी जताई।



