जेएनएसी की अनदेखी, बारीडीह में अवैध इमारत का निर्माण जारी


Jamshedpur : लौहनगरी में अवैध नक्शा विचलन वाली इमारतों को लेकर जेएनएसी सवालों के घेरे में है। जेएनएसी के अधिकारियों की नाक के नीचे शहर में धड़ल्ले से अवैध इमारतें बनाई जा रही हैं। बारीडीह में मिथिला कॉलोनी में एक कई साल से अवैध तरीके से इमारत बनाई जा रही है। जेएनएसी इसे कई बार सील कर चुका है। मगर, हर बार इस इमारत में गुपचुप तरीके से काम शुरू हो जाता है। हाल ही में इस इमारत में फिर काम शुरू कर दिया गया है। कांग्रेस के बबलू झा जिला उपाध्यक्ष ने फेसबुक लाइव कर इस इमारत में चल रहे निर्माण कार्य से जेएनएसी व जिला प्रशासन के अधिकारियों को अवगत करते हुए सीएम तक से सवाल पूछा है। उनका प्रश्न है कि आखिर इस इमारत में निर्माण कार्य किसके इशारे पर शुरू किया गया है।
यह बिल्डिंग जेएनएसी के नक्शे का उल्लंघन कर बनाई जा रही है। इस इमारत में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। बिजली का सरकारी पोल भी इमारत परिसर के अंदर कर लिया गया है। इस इमारत को जेएनएसी ने 16 जून 2022, 28 अप्रैल 2023, छह मई 2023 और 24 जनवरी 2024 को सील किया था। जब भी जेएनएसी सील करता है, कुछ दिन बाद सील तोड़ कर इसमें काम शुरू कर दिया जाता है। इस इमारत में अब फिर काम शुरू है।



