आदित्यपुर स्वदेशी मेले का शुभारंभ, 13 राज्यों के 120 स्टॉल लगे, उमड़ी लोगों की भीड़


Saraikela : सरायकेला खरसावां ज़िले का प्रथम स्वदेशी मेला का शुभारम्भ फुटबॉल मैदान इमली चौक आदित्यपुर में शुक्रवार को हुआ. जिसमें देश के 13 राज्यों से पहुंचें 120 उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं. मेले का शुभारम्भ भारत माता के चित्र के समीप द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. स्कूली छात्रों ने अथितियों के स्वागत में झारखण्ड की पारम्परिक लोक नृत्य प्रस्तुत की. मुख्य अतिथि इसरो अध्यक्ष रुपेश कतरियार ने कहा कि आज देश प्रगतिशील है लेकिन इस प्रगति के दौर में हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती युवाओं को रोजगार उपलब्ध करना बन गया है. ऐसे में हम स्वदेशी अपनाएं और देश को आर्थिक स्वतंत्रता दिलाएं. यही समय की मांग है. उन्होंने कहा कि चाहे टेक्नोलॉजी कितनी भी आगे क्यों न बढ़ जाये रोजगार कि सम्भावनाएं यदि किसी के माध्यम से आ सकता है तो वो है स्वदेशी विचारधारा एवं स्वदेशी कार्यप्रणाली से ही सम्भव है. अजय उपाध्याय ने कहा कि आज मेक इन इंडिया के नाम पर विदेशी कम्पनियां भारत से पैसा बाहर ले जाती है. हमें बाजार करते वक्त ये ध्यान रखना है कि हम जो भी वस्तु खरीदी है वो अपने ज़िले, राज्य और देश में बने हों तभी देश की तरक्की होगी. पर्यावरण प्रमुख बन्दे शंकर ने कहा कि हम आज जो भी कार्य करते है वो भविष्य के अनुरूप होना चाहिए. आज पूरे विश्व की सारी कंपनियां प्राकृतिक एवं खनिज सम्पदाओं की ज्यादा से ज्यादा उपभोग करने में लगी है, लेकिन वे इस बात से अनभिज्ञ है कि भविष्य में हमारे बच्चों के लिए हम क्या छोड़ रहे हैं. इसीलिए भारतीय संस्कृति से प्रेरणा लेकर हमें जितनी जरूरत हो उतनी मात्रा में ही संसाधनों का उपभोग करना चाहिए ताकि हमारी आने वाली पीढ़ीयां भी उसका सदुपयोग कर पाएँ. समारोह को मुरलीधर केडिया ने भी संबोधित किया. संचालन प्रकाश मेहता ने और स्वागत भाषण अमित मिश्रा ने किया. मौके पर राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनोज सिंह, मंजू ठाकुर, जयंत श्रीवास्तव, अजित सिंह, संध्या प्रधान, अल्पना कुमारी, किरनजीत कौर, सुनिता मिश्रा आदि उपस्थित रहीं.




