जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक के लिए सड़क जागरूकता अभियान तेज, बिना हेलमेट चालकों पर कार्रवाई


चांडिल : जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सड़क जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 10 जनवरी 2026 को गुड़नी सह थाना प्रभारी राजू अंजन, चांडिल थाना के वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ चोका थाना प्रभारी सोनू कुमार तथा चोका थाना में पदस्थापित बलों ने संयुक्त रूप से चोका थाना क्षेत्र में सड़क जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ग्रामीण इलाकों में विशेष रूप से उन लोगों को जागरूक किया गया, जो यातायात नियमों से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। पुलिस टीम ने ग्रामीणों और राहगीरों को सड़क पर चलते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।
सड़क जागरूकता अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर उन्हें नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही ऐसे चालकों को भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का सख्त निर्देश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें। हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाकर ही सड़क पर चलें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके और जान-माल की रक्षा हो सके।



