कल से गोपाल मैदान में होगा 3 दिवसीय प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव, जिला प्रशासन ने साझा की तैयारियां


Saraikela :जिला प्रशासन पूर्वी सिंहभूम की ओर से प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव का आयोजन 09 से 11 जनवरी 2026 तक गोपाल मैदान, जमशेदपुर में होगा. साहित्य उत्सव की तैयारियों, सहभागिता एवं आयोजन से जुड़े अन्य विषयों को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा और जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय ने सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की. उन्होंने बताया कि यह साहित्य उत्सव साहित्य, कला, संस्कृति एवं जनजातीय विरासत के संरक्षण और प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. तीन दिवसीय इस आयोजन में जिला, राज्य एवं देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक, इतिहासकार, विचारक एवं सांस्कृतिक कर्मी अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे. अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य साहित्य के माध्यम से समाज में संवाद, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करना है. उन्होंने जिले के सभी साहित्यप्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस साहित्य उत्सव में भाग लेकर इसे सफल बनाएं.




