पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सुरेश कलमाड़ी का निधन


पुणे: पूर्व सांसद और कांग्रेस के सीनियर नेता रहे सुरेश कलमाड़ी ने 82 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है. महाराष्ट्र के पुणे में उनका निधन हुआ. सुरेश कलमाड़ी का पार्थिव शरीर मंगलवार, 6 जनवरी की दोपहर 2.00 बजे तक अंतिम संस्कार के लिए घर पर रखा जाएगा. अंतिम संस्कार शाम को होगा.महाराष्ट्र के पुणे से पूर्व सांसद, रेल मंत्रालय में पूर्व राज्य मंत्री सुरेश कलमाड़ी ने मंगलवार, 6 जनवरी की तड़के करीब 3:30 बजे अंतिम सांस ली. वे लंबी बीमारी से लड़ रहे थे. उनके पार्थिव शरीर को दोपहर 2.00 बजे तक पुणे के एरंडवणे स्थित कलमाड़ी हाउस में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. अंतिम संस्कार दोपहर 3:30 बजे पुणे के नवी पेठ में वैकुंठ श्मशानभूमि में किया जाएगा.1995-96 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकार में उन्हें केंद्रीय रेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी दी गई. रेल राज्य मंत्री के रूप में उन्हें संसद में रेल बजट प्रस्तुत करने का दुर्लभ सम्मान प्राप्त हुआ, जो उनकी प्रशासनिक दक्षता को दर्शाता है.पुणे के विकास में कलमाड़ी का योगदान अतुलनीय रहा है. उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और स्थानीय बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए. उनके परिवार की जड़ें कर्नाटक से थीं, लेकिन उनके कार्यों ने उन्हें पुणे और महाराष्ट्र का एक अभिन्न हिस्सा बना दिया.




