टाटा स्टील स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट ने जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्यूआर आधारित प्रवेश नियंत्रण प्रणाली की शुरूआत की


जमशेदपुर: टाटा स्टील स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट ने जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक आधुनिक क्यूआर आधारित प्रवेश नियंत्रण प्रणाली शुरू की है। इसका उद्देश्य सुरक्षा को और मजबूत करना, सदस्यों की पहचान और सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाना तथा यह सुनिश्चित करना है कि केवल पात्र सदस्यों को ही परिसर की सुविधाओं तक पहुंच मिले। यह पहल भारत के सबसे प्रतिष्ठित खेल परिसरों में से एक में आगंतुक प्रबंधन को डिजिटल बनाने और उसे अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

नई प्रणाली 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी और यह प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं, रिक्रिएशनल सदस्यों तथा पे एंड प्ले उपयोगकर्ताओं सहित सभी श्रेणियों के उपयोगकर्ताओं पर लागू होगी। अब प्रत्येक सदस्य को अपने साथ एक विशिष्ट क्यूआर कोड रखना अनिवार्य होगा, जो jrdsportscomplex.in पर उनके यूज़र प्रोफाइल में उपलब्ध रहेगा। सदस्य अपनी सुविधा के अनुसार इस क्यूआर कोड को मोबाइल ब्राउज़र के माध्यम से सीधे एक्सेस कर सकते हैं, स्क्रीनशॉट के रूप में रख सकते हैं या प्रिंट निकालकर भी उपयोग कर सकते हैं।
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहुंचने पर सदस्यों को मुख्य द्वार या गेट नंबर 8 पर अपना क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। क्यूआर रीडर से लैस सुरक्षा कर्मी रियल टाइम में सक्रिय सदस्यता का सत्यापन करेंगे। इसके अतिरिक्त, अधिक भीड़ वाले कुछ प्रमुख परिसरों—जैसे स्विमिंग पूल, स्टीलियम जिम, बॉडीलाइन जिम और बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर—में प्रवेश से पहले एक अतिरिक्त स्कैन आवश्यक होगा, जिसके लिए सुरक्षा टीम मार्गदर्शन प्रदान करेगी।
सटीकता सुनिश्चित करने के लिए सदस्यों से अनुरोध है कि वे वेबसाइट पर लॉग इन कर यह जांच लें कि उनका नाम, सदस्यता श्रेणी और फोटो सही रूप से प्रदर्शित हो रहे हैं। किसी भी प्रकार की त्रुटि या असमानता की जानकारी office.headsports@tatasteel.com पर दी जा सकती है। सामान्य सहायता के लिए जेआरडी अकाउंट सेक्शन स्थित हेल्प डेस्क पर भी सहयोग उपलब्ध रहेगा, जो सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 6 बजे तक कार्य करेगा।
सदस्यों को सूचित किया जाता है कि:
· सभी उपयोगकर्ताओं को किसी भी फैसिलिटी में प्रवेश के लिए हर समय अपना क्यूआर कोड साथ रखना अनिवार्य होगा।
· सदस्यता की पुष्टि से संबंधित ईमेल को प्रवेश द्वार पर वैध प्रमाण नहीं माना जाएगा।
· भौतिक सदस्यता कार्ड केवल 31 दिसंबर 2025 तक ही मान्य रहेंगे, इसके बाद इन्हें पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए https://jrdsportscomplex.in/sign-in वेबसाइट पर लॉग इन करें और वहां उपलब्ध नोटिफिकेशन अवश्य देखें।



