बिहार में क्यों खाता भी नहीं खोल पाई जनसुराज, प्रशांत किशोर ने बताई हार की वजह,


पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव में जनसुराज पार्टी की करारी हार के बाद पहली बार प्रशांत किशोर ने चुप्पी तोड़ी. उन्होंने एक इंटरव्यू में खुद बताया कि आखिर उनकी पार्टी एक भी सीट पर खाता क्यों नहीं खोल पाई. साथ ही पीके ने कथित वोट चोरी पर जवाब देते हुए कहा कि- ‘कुछ गड़बड़ जरूर हुई.’ लेकिन स्वीकार किया कि उनके पास इसका कोई सबूत नहीं है. साथ ही उन्होंने अपनी हार पर ‘जंगलराज’ को भी कारण बताया.बिहार की 243 में से 238 सीटों पर उम्मीदवार उतारने के बावजूद जनसुराज पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी और महज 2–3 प्रतिशत वोटों के साथ खाता खोलने में भी नाकाम रही. हार को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जनसुराज संस्थापक ने दावा किया कि चुनाव में ‘कुछ गड़बड़’ जरूर हुई है, हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके पास इसका प्रत्यक्ष प्रमाण फिलहाल नहीं है.प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव नतीजे उनके जमीनी आकलन और जनसुराज यात्रा के दौरान मिले समर्थन से बिल्कुल मेल नहीं खाते. उन्होंने कहा कि कई अंजान पार्टियों को लाखों वोट मिले, जो असामान्य है. पीके ने कहा कि- ‘बहुत सी चीजें मेल नहीं खातीं. लगता है कुछ गलत हुआ, लेकिन हमारे पास कोई सबूत नहीं है.’ उन्होंने एनडीए पर चुनाव के दौरान महिलाओं को बड़े पैमाने पर पैसा बांटने का भी आरोप लगाया. किशोर का दावा है कि प्रदेशभर में हजारों महिलाओं को 10-10 हजार रुपये तक दिए गए और उन्हें आश्वासन दिया गया कि बाकी रकम वोट देने के बाद मिलेगी. उनके मुताबिक, ‘मैंने कहीं नहीं देखा कि सरकारें इस तरह चुनाव के दौरान 50 हजार महिलाओं को पैसा बांटें.’प्रशांत किशोर ने जन सुराज की हार को करारी बताया है। उन्होंने कहा कि जन सुराज अभियान ने जमीनी स्तर पर काफी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं पैदा की हैं। उन्होंने तर्क दिया कि वास्तविक मतदान रुझान जन सुराज यात्रा के महीनों के दौरान उनकी टीम द्वारा एकत्र की गई प्रतिक्रिया से मेल नहीं खा रहे थे, जिससे पता चलता है कि इस प्रक्रिया में “कुछ गड़बड़” हुई।पीके ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि प्रदेश के लोगों को राजद के जंगल राज की वापसी का डर था। उन्हें लग रहा था कि जनसुराज के जीतने की संभावना नहीं है और लोगों को डर था कि उनके लिए वोट करने से अनजाने में लालू के शासन की वापसी हो सकती है। प्रशांत किशोर ने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम को प्रभावित करने के लिए एनडीए ने महिलाओं को पैसे बांटे थे। उन्होंने दावा किया कि चुनाव की घोषणा से लेकर मतदान के दिन तक, महिलाओं को 10,000 रुपये की शुरुआती किश्त दी गई, और वादा किया गया कि अगर वे एनडीए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वोट देंगी तो उन्हें कुल 2 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि दी जाएगी।




