दिल्ली में उबर राइडर बना लुटेरा,छेड़छाड़ के बाद बैग लेकर हुआ फरार


दिल्ली: दिल्ली में एक उबर बाइक टैक्सी चालक द्वारा महिला यात्री के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। यह घटना दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल इलाके की है। यहां एक बाइक टैक्सी चालक रास्ता बदलकर महिला को एक सुनसान जगह पर ले गया। जहां पर उसने महिला के साथ छेड़छाड़ की और उसके के साथ लूटपाट की। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान अजय रावल के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 28 साल है। एसीपी अभिषेक धानिया के अनुसार, आरोपी बाइक चालक रास्ता बदलकर महिला को किसी सुनसान जगह पर ले गया। वहां पर आरोपी ने युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। इसके बाद आरोपी महिला के पास से नकदी और बैग लूटकर फरार हो गया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक स्कूटी लेकर महिला की लोकेशन पर पहुंचा। वहां से जाते समय आरोपी ने रास्ता बदल लिया। वह लड़की को कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज के पास किसी सुनसान जगह पर ले गया। वहां पहुंचकर उसने लड़की के साथ छेड़छाड़ की। इस पर पीड़िता ने शोर मचाना शुरू किया, जिससे आसपास की झुग्गियों में रहने वाले लोग इकट्ठे होने लगे। आरोपी भीड़ को आता हुए देख लड़की से 5 हजार रुपये और बैग छीनकर भाग गया.डीसीपी अभिषेक धानिया ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर राइड के दौरान रास्ता बदलकर युवती को सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। उसके बाद आरोपी नकदी और बैग लूटकर फरार हो गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात के लिए योजनाबद्ध तरीके से कंपनी में रजिस्टर्ड वाहन की जगह दूसरी स्कूटी का इस्तेमाल किया था।
युवती ने किसी तरह से अपने मोबाइल फोन को बचा लिया और फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज चेक किए। आरोपी की पहचान करने के लिए स्थानीय लोगों और टेक्निकल सर्विलांस की सहायता ली गई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के आपराधिक मामलों की जांच कर रही है।




