दिल्ली में 4 दिन ‘ट्रैफिक लॉकडाउन’


दिल्ली : दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक होने जा रहे एआई समिट को लेकर राजधानी में तैयारियां जोरों पर है. कार्यक्रम स्थल भारत मंडपम के आसपास और लुटियंस दिल्ली के बड़े हिस्से में दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है. वजह साफ है, इन 4 दिनों में वीवीआईपी आवाजाही काफी ज्यादा रहेगी, इसलिए कई अहम सड़कों पर डायवर्जन और पाबंदियां लगेंगी.भारत मंडपम के 5 किलोमीटर के दायरे में कुल 34 स्कूल आते हैं. ट्रैफिक प्लान का असर इन सभी पर पड़ेगा. ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता के अनुसार, बच्चों की आवाजाही में दिक्कत न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग और ट्रैफिक पुलिस की तरफ से नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे.शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रभावित स्कूलों को सर्कुलर जारी किया है. इसमें कहा गया है कि वे ट्रैफिक पुलिस के साथ तालमेल बनाकर रखें और जरूरत पड़े तो वैकल्पिक व्यवस्था करें.

कुछ स्कूल एहतियात के तौर पर नियमित कक्षाएं ऑनलाइन कराने पर भी विचार कर रहे हैं, ताकि बच्चों और अभिभावकों को परेशानी न झेलनी पड़े. हालांकि परीक्षा केंद्रों के लिए ऑफलाइन व्यवस्था ही रहेगी, लेकिन वहां पहुंचने के लिए समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है.ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मथुरा रोड पर चिड़ियाघर से तिलक मार्ग के बीच यातायात पर असर पड़ सकता है. यहां से गुजरने वाले लोग सराय काले खां–आश्रम होते हुए रिंग रोड या लाला लाजपत राय मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं. सुब्रमण्यम भारती मार्ग पर चलने वालों को आर्कबिशप मार्केरियस मार्ग या महर्षि रमन मार्ग लेने की सलाह दी गई है.ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें और संभव हो तो मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. खासकर परीक्षा देने जा रहे छात्र समय से पहले घर से निकलें. 4 दिन तक राजधानी के इस हिस्से में ट्रैफिक थोड़ा बदला-बदला रहेगा, लेकिन प्रशासन का दावा है कि बेहतर समन्वय से आम लोगों को कम से कम दिक्कत हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा.



