2027 की ICSE-ISC बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी, 15 फरवरी से शुरू होगी 10वीं की परीक्षा

जमशेदपुर : काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने वर्ष 2027 की ICSE (10वीं) और ISC (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं की परीक्षा 9 फरवरी से 8 अप्रैल तक और 10वीं की परीक्षा 15 फरवरी से 31 मार्च तक आयोजित होगी। दोनों परीक्षाओं में देश-विदेश के कुल 3,79,980 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें ICSE के करीब 2.70 लाख और ISC के 1,10,025 परीक्षार्थी हैं। जमशेदपुर से 10वीं में करीब 8,000 और 12वीं में लगभग 5,500 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।


बोर्ड ने प्रमुख त्योहारों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया है। महाशिवरात्रि 6 मार्च, ईद-उल-फितर 10 मार्च, होलिका दहन 21 मार्च, होली 22 मार्च और गुड फ्राइडे 26 मार्च को परीक्षा नहीं होगी। वहीं, 11 फरवरी को वसंत पंचमी और सरस्वती पूजा के अवसर पर भी परीक्षा नहीं रखी गई है। ईद की तारीख चांद दिखने पर निर्भर करेगी। परीक्षाएं होम सेंटर में आयोजित होंगी, जबकि संचालन और निगरानी के लिए बोर्ड की ओर से पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे।
ICSE की परीक्षा 76 विषयों में देशभर के 2,835 केंद्रों पर होगी, जबकि ISC की परीक्षा 60 विषयों में 1,477 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। झारखंड से ICSE में 17,201 और ISC में 5,356 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस वर्ष ICSE परीक्षा के समय में भी बदलाव किया गया है। अधिकांश विषयों में प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए सुबह 10 बजे से समय मिलेगा और उत्तर लिखने की शुरुआत सुबह 10:15 बजे होगी। विद्यार्थियों को सुबह 9:45 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। विषयवार परीक्षा कार्यक्रम CISCE की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर उपलब्ध है।


