रोजगार का झांसा देकर 15 वर्षीय किशोरी को राजस्थान में 20 हजार रुपये में बेचने का आरोप, जबरन शादी कराई

गुमला : जिले के बिशुनपुर प्रखंड के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी को रोजगार दिलाने का झांसा देकर मानव तस्करी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव की एक महिला उसे काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले गई और बाद में राजस्थान पहुंचाकर 20 हजार रुपये में 50 वर्षीय व्यक्ति को बेच दिया। इसके बाद किशोरी की जबरन शादी करा दी गई और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जाने लगा। किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर किशोरी अपने घर पहुंची। रविवार शाम वह परिजनों के साथ गुमला थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। किशोरी के अनुसार, इसी साल जुलाई में जतरी उरांव उसे दिल्ली ले गई थी और वहां सुनीता लोहरा के हवाले कर दिया था। सुनीता ने कुछ दिनों तक उसे एक कोठी में काम पर रखा और फिर राजस्थान ले जाकर 50 वर्षीय व्यक्ति से उसकी जबरन शादी करा दी।


पीड़िता का आरोप है कि शादी के लिए मेहमानों को बुलाया गया था और बंद कमरे में मुंह दिखाई की रस्म भी कराई गई थी। इस सौदे के बदले सुनीता को 20 हजार रुपये मिले थे। शादी के बाद सुनीता वहां से चली गई और आरोपी व्यक्ति किशोरी को घर में बंद रखने लगा। वह चिकन की दुकान चलाता था और दुकान जाने के दौरान किशोरी को घर में बंद कर देता था। आरोप है कि वह उसके साथ जबरदस्ती करता और विरोध करने पर मारपीट करता था। एक दिन आरोपी के सामान्य समय से पहले घर लौटकर सो जाने और दरवाजा बंद करना भूलने पर किशोरी भाग निकली। मुंह दिखाई में मिले दो हजार रुपये लेकर वह राजस्थान से दिल्ली और फिर रांची पहुंची। वहां से किसी तरह अपने गांव लौटकर परिजनों को पूरी घटना बताई।
बिशुनपुर थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि किशोरी की ओर से आवेदन दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किशोरी और उसके परिजन गुमला चले गये थे। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी। परिजन किशोरी को लेकर बिशुनपुर थाना पहुंचे थे। खबर के अनुसार, वहां कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने अहातु थाना में भी शिकायत की है। मामले की जांच जारी है।


