फाइलेरिया की दवा खाने के बाद 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, गड़चिरोली में मचा हड़कंप; 4 जिला अस्पताल रेफर


गड़चिरोली : महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले के चामोर्शी तहसील के मुरखला गांव में फाइलेरिया की दवा खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया। अचानक तबीयत खराब होने पर 10 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से चार की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत करीब 15 दिन पहले गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र के कर्मचारियों ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को दवा दी थी। स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में बच्चों को यह दवा खिलाई गई थी।बताया गया कि कुछ दिनों बाद अचानक कई बच्चों को उल्टी, चक्कर, सिरदर्द और बुखार जैसी शिकायतें होने लगीं। इसके बाद अभिभावक घबराकर बच्चों को चामोर्शी के ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

अस्पताल में भर्ती बच्चों में गांव के अलग-अलग स्कूलों और आंगनवाड़ी के बच्चे शामिल हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार चल रहा है। शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने चार बच्चों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें गड़चिरोली के जिला अस्पताल भेज दिया। बाकी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में तुरंत मेडिकल टीम भेजकर स्वास्थ्य शिविर लगाया है। टीम गांव के अन्य बच्चों और ग्रामीणों की भी जांच कर रही है ताकि किसी अन्य व्यक्ति को परेशानी होने पर तुरंत इलाज दिया जा सके।स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने का कारण केवल दवा ही हो, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मौसम में बदलाव, वायरल या टाइफाइड जैसी अन्य वजहें भी हो सकती हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।



