सड़क किनारे बाइक के नीचे दबा मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी


जमशेदपुर : धालभूमगढ़ प्रखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव बाइक के नीचे दबा हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. यह घटना जोनरा बाजार के पीछे बरसातु रोड जाने वाले रास्ते पर हुई. सुबह जब स्थानीय लोग उस रास्ते से गुजर रहे थे तो उन्होंने एक व्यक्ति को बाइक के नीचे पड़ा देखा. इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.

बाद में मृतक की पहचान नगराम गांव निवासी अमर मंडल के रूप में हुई, जो मछली बेचने का काम करता था. बताया जा रहा है कि जिस जगह यह घटना हुई, वहां सड़क पर गड्ढेदार और खतरनाक मोड़ है. परिजनों के अनुसार अमर मंडल शुक्रवार सुबह घर से मछली बेचने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद परिवार के लोग शनिवार सुबह करीब आठ बजे से उसकी तलाश कर रहे थे.
घटना की खबर मिलते ही मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंच गई और पति का शव देखकर बिलखकर रोने लगी. सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला सड़क दुर्घटना का है या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हुई है.



