मानगो में 26 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में भेजा गया जेल

जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित मुर्दा मैदान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 26 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 5.80 ग्राम बताया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मानगो के न्यू जुली रोड नंबर-02 निवासी अजरुद्दर महमूद के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार कार्रवाई एएसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर युवक को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को उलीडीह ओपी ले गई, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी अजरुद्दर महमूद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी तथा इसके संभावित खरीदार कौन थे। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


