यंग इंडियन्स जमशेदपुर की सेफ्टी अवेयरनेस राइड, हेल्मेट मैन राघवेंद्र कुमार ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश


जमशेदपुर:- यंग इंडियन्स ग्रुप, जमशेदपुर (झारखंड टीम) द्वारा लगातार तीसरे वर्ष सड़क सुरक्षा को लेकर एक सेफ्टी अवेयरनेस राइड का आयोजन किया गया। इस जागरूकता राइड में स्कूल व कॉलेज के छात्र-छात्राओं, विभिन्न राइडर्स ग्रुप्स तथा टाटानगर–जमशेदपुर के आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना और हेल्मेट पहनने की अहमियत बताना रहा।

इस अवसर पर पूरे देश में हेल्मेट पहनने को लेकर जनजागरूकता फैलाने वाले प्रसिद्ध ‘हेल्मेट मैन’ राघवेंद्र कुमार विशेष अतिथि के रूप में जमशेदपुर पहुंचे। उन्होंने अब तक देशभर में 75 हजार से अधिक हेल्मेट वितरित कर हजारों जिंदगियों को सुरक्षित बनाने का संदेश दिया है। रैली में जोड़ी राइडर्स के साथ शामिल होकर उन्होंने कहा कि “हेल्मेट सिर्फ नियम नहीं, जीवन की सुरक्षा है।”
इस सेफ्टी अवेयरनेस रैली में जोड़ी राइडर्स, JH05WALLE और RKMC की राइडिंग टीमों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और सड़क सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
शहरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे एक सकारात्मक और जीवनरक्षक प्रयास बताया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सड़क पर सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।



