कदमा में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला गंभीर घायल, दो युवक भी जख्मी


जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसा हुआ। एडीएलएल स्कूल के पास तेज रफ्तार से जा रही बाइक पर सवार दो युवकों ने सड़क पार कर रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में दोनों बाइक सवार भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के समय और उसके बाद इस मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक और कारें अक्सर दौड़ाई जाती हैं। एडीएलएल स्कूल के आसपास बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों की आवाजाही ज्यादा रहती है, इसके बावजूद कई युवक लापरवाही से वाहन चलाते हैं।
गुरुवार को भी बाइक सवार अत्यधिक गति में थे और महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल महिला और बाइक सवारों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।



