अवैध संबंध के शक में पत्नी की निर्मम हत्या, रेल से कटकर खुद का भी जीवन किया समाप्त


जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी में गुरुवार अहले सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहां साहब मुखर्जी नामक व्यक्ति ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी शिल्पी मुखर्जी (34) की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर सुंदरनगर के नंदूप रेल लाइन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

सूत्रों के मुताबिक, पोटका स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित नर्स शिल्पी पर साहब मुखर्जी को लंबे समय से अवैध संबंध का शक था। गुरुवार सुबह विवाद के दौरान पहले उसने गला दबाकर पत्नी को मारने की कोशिश की, फिर चाकू से कई वार किए और लोहे के मुस्खल से सिर पर प्रहार कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद उसने मोबाइल पर सुसाइड कम कन्फेशन नोट लिखकर व्हाट्सऐप स्टेटस पर डाल दिया, जिसमें हत्या की वजह और आत्महत्या की मंशा का खुलासा किया।
परसुडीह पुलिस ने महिला का शव, खून से सना चाकू और मुस्खल बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं सूचना पाकर सुंदरनगर पुलिस ने नंदूप रेल लाइन से साहब मुखर्जी का क्षतविक्षत शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, शादी को चार साल हुए थे और घटना की पूरी जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है। इस दोहरे हादसे से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।



