जमशेदपुर में बदलेगा मौसम, 15 नवंबर तक सुबह कोहरे और शाम को बारिश के आसार

जमशेदपुर : दीपावली के बाद शहर के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम का यही मिला-जुला मिजाज रह सकता है। 10 और 11 नवंबर को सुबह कोहरा छाने, दोपहर में धूप निकलने और शाम के समय बारिश होने की संभावना है।


मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर तक सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने से तापमान में गर्माहट बनी रहने की संभावना है। वहीं, शाम को बादल छाने और बारिश के आसार हैं। इससे दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस हो सकता है।
सोमवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश की संभावना के बीच रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।


