बिहार में 122 विधानसभा सीटों पर वोटिंग,किशनगंज में वोटिंग के लिए लंबी लाइन


बिहार: 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है। आज का मतदान बिहार चुनाव 2025 के बेहद अहम चरण का समापन होगा। चुनाव आयोग के अनुसार, आज 1.74 करोड़ महिलाओं सहित 3.7 करोड़ मतदाता मतदान के पात्र हैं। मतदान 45,399 मतदान केंद्रों पर हो रहा है। आज जिन 122 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 2020 के विधानसभा चुनावों में महागठबंधन ने 49 सीटें जीती थीं, जबकि एनडीए ने 66 सीटें जीती थीं। असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली AIMIM ने 2020 में पांच सीटें जीती थीं, जबकि बहुजन समाज पार्टी (BSP) और एक निर्दलीय ने एक-एक सीट जीती थी।दूसरे चरण में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज सहित नेपाल सीमा से सटे जिलों में मतदान होगा. सुरक्षित और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं. दूसरे चरण में ज्यादातर सीटें सीमांचल क्षेत्र की हैं, जहां मुस्लिम आबादी अधिक है, जिससे यह चरण एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के लिए अहम बन गया है. एनडीए विपक्ष पर ‘घुसपैठियों को संरक्षण देने’ का आरोप लगा रहा है, जबकि विपक्ष अल्पसंख्यक मतदाताओं पर भरोसा कर रहा है. प्रमुख उम्मीदवारों में जेडीयू के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल), भाजपा के प्रेमेंद्र कुमार (गया टाउन), रेनू देवी (बेतिया), नीरेज कुमार सिंह ‘बबलू’ (छातापुर), लेशी सिंह (धमदाहा), शीला मंडल (फुलपरस) और जमा खान (चैनपुर) शामिल हैं.बिहार के किशनगंज में मतदान के लिए सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी है. किशनगंज में बड़ी तादाद में महिलाएं भी पोलिंग बूथ पर कतार में खड़े होकर मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रही हैं.




