वाहन जांच में पकड़ाए वाहन गिरोह, चोरी की दो बाइक और एक ट्रैक्टर भी जब्त, एक अभियुक्त देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार


Saraikela: कुचाई थाना क्षेत्र के दलभंगा ओपी की पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. पुलिस ने अभियुक्तों के निशानदेही पर चोरी की बाइक के साथ एक देशी कट्टा भी बरामद किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में मंगल मुंडा उर्फ चोड़े एवं एक नाबालिग शामिल है. इसकी जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया ने बताया कि दलभंगा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर दो संदिग्ध युवकों से जब पुलिस ने कागजात दिखाने की मांग की तो उनके द्वारा कागजात नहीं होने की बात कही गई. पुलिस द्वारा पूछे जाने पर युवकों ने चोरी की बाइक होने की बात स्वीकार की. एसडीपीओ ने बताया कि अभियुक्तों से जब पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो बताया गया कि उनके पास चोरी की दो बाइक और एक ट्रैक्टर भी है. अभियुक्तों के बयान पर टीम का गठन किया गया. अभियुक्त के निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो बाइक एवं एक ट्रैक्टर इंजन के साथ एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. एसडीपीओ ने बताया की मामले को लेकर दलभंगा ओपी में मामला दर्ज करते हुए अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. इस चोरी की घटना के उद्भेदन में पुलिस निरीक्षक सरायकेला अंचल नितिन कुमार सिंह, कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा, दलभंगा ओपी प्रभारी रविन्द्र मुंडा, दलभंगा ओपी के पुअनि कुंजल उरांव, कुचाई थाना के पुअनि सामंत कुमार दास एवं दलभंगा ओपी के सअनि उपेन्द्र कुमार राय के साथ कुचाई थाना एवं दलभंगा ओपी के सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे.




