स्नोफॉल में भी वंदे भारत एक्सप्रेस के नहीं लगे ब्रेक, पटरियों पर जमी बर्फ को चीरती ट्रेन का VIDEO वायरल


Jammu : इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का क्रम जारी है। उत्तराखंड से लेकर कश्मीर तक पहाड़ सफेद चादर से ढके हैं। इसी कड़ी में कश्मीर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। वीडियो में कश्मीर जाने वाली वंदे भारत तेजी के साथ बर्फ को चीरते हुए गंतव्य की ओर जाती दिखाई दे रही है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी डाला है।बनिहाल-बारामूला रेल सेवा को सुबह एहतियातन कुछ देर बंद रखा गया। जम्मू मंडल के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने बताया कि कोई ट्रेन रद नहीं हुई है। कटड़ा-श्रीनगर वंदे भारत बर्फ के बावजूद चल रही है। हिमपात व तेज हवाओं के कारण प्रदेश के कई इलाकों में बिजली के खंभे व तार टूटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। पेड़ गिरने से कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है।श्रीनगर के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दृष्टयता के अभाव और रनवे पर बर्फ जमा होने के कारण विमानों की आवाजाही बंद रही। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी नवयुग सुरंग के पास भारी हिमपात के कारण यातायात बंद कर दिया गया। रास्ते में फंसे वाहनों को सुरक्षित जगह पहुंचाया जा रहा है। श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी मार्ग और सिंथन मार्ग भी बंद रहा। डोडा, किश्तवाड़, बारामुला-कुपवाड़ा और बांडीपोरा, अनंतनाग-शोपियां-कुलगाम में में सड़कें हिमपात के बाद बंद हैं।लोग इन वीडियो को बार-बार देख रहे हैं और एक-दूसरे के साथ शेयर कर रहे हैं. कई लोग इसे प्रकृति और आधुनिक तकनीक का खूबसूरत मेल बता रहे हैं. किसी ने इसे भारत की प्रगति का प्रतीक कहा है तो किसी ने इसे कश्मीर की सुंदरता की नई पहचान बताया है. बर्फ, पहाड़ और तेज रफ्तार ट्रेन का यह संगम लोगों को बहुत प्रभावित कर रहा है. यह वीडियो देश और दुनिया को कश्मीर की खूबसूरती दिखा रहा है.




