उषा मार्टिन विश्वविद्यालय ने आयोजित किया तृतीय दीक्षांत समारोह; 1191 उपाधियाँ प्रदान की गई


रांची: उषा मार्टिन विश्वविद्यालय ने 15 फरवरी 2026 को अपने परिसर में तृतीय दीक्षांत समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के माननीय राज्यपाल महामहिम श्री आरिफ मोहम्मद खान उपस्थित रहे और उन्होंने दीक्षांत भाषण दिया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार और नैतिक नागरिक बनने में शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला।
समारोह में कुल 1191 उपाधियाँ प्रदान की गई। इनमें 773 स्नातक, 166 स्नातकोत्तर तथा 233 डिप्लोमा प्रमाणपत्र विभिन्न पाठ्यक्रमों के अंतर्गत दिए गए। इसके अतिरिक्त 19 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की गई। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए अपने-अपने कार्यक्रमों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 21 स्वर्ण पदक और 19 रजत पदक प्रदान किए गए।
समारोह का विशेष आकर्षण वरिष्ठ पत्रकार एवं सांसद श्री हरिवंश नारायण सिंह को पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन में उनके विशिष्ट योगदान के लिए मानद उपाधि (ऑनोरिस कॉज़ा) से सम्मानित करना रहा। लोकतांत्रिक मूल्यों और नैतिक सार्वजनिक विमर्श के प्रति उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को इस अवसर पर विशेष रूप से रेखांकित किया गया। इसी प्रकार एसएस एनर्जी वैंचर्स समूह के प्रबंध निदेशक श्री सुब्बा राव पम्पाना को ऊर्जा क्षेत्र में उनके योगदान तथा सतत औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने में उनके नेतृत्व के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत शैक्षणिक शोभायात्रा से हुई। इसके पश्चात राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान प्रस्तुत किए गए तथा उसके बाद दीप प्रज्वलन किया गया। तत्पश्चात कुलपति प्रो. मधुलिका कौशिक द्वारा विश्वविद्यालय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सर्वप्रथम पदकों का वितरण किया गया, तत्पश्चात शोध उपाधियाँ प्रदान की गई और अंत में स्नातक, स्नातकोत्तर तथा डिप्लोमा उपाधियाँ का औपचारिक वितरण सम्पन्न हुआ।
समारोह में उषा मार्टिन विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री प्रभात कुमार, अध्यक्ष श्री हेमंत गोयल, कुलपति प्रो. मधुलिका कौशिक, प्रति कुलपति प्रो. मिलिंद, कुलसचिव डॉ. शिव प्रताप वर्मा, डीन (शैक्षणिक) प्रो. बी.एन. सिन्हा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनय सिंह, परिसर निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा, वित्त अधिकारी सुश्री रेनु लाल, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स और बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्य, सारे डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
समारोह का समापन राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात शैक्षणिक शोभायात्रा की औपचारिक विदाई की गई। गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न यह दीक्षांत समारोह अनुशासन और परंपरा के अनुरूप सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह दीक्षांत समारोह स्नातक विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ और विश्वविद्यालय के शैक्षणिक जीवन में एक उल्लेखनीय क्षण के रूप में दर्ज हुआ।




