स्वर्ण व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में प्रिंस खान के दो युवक गिरफ्तार


झारखंडः मेदिनीनगर शहर के सोना व्यवसायी से गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गैंगस्टर के नाम पर वाट्सएप वॉइस मैसेज भेजकर ज्वेलरी दुकान गोल्ड हाउस के मालिक रंजीत सोनी से एक करोड़ रुपये रंगदारी की मांग की गई थी. रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि फिलवक्त यह पहली ऐसी घटना है जिसमें प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगी गई है.
इस संबंध में पीड़ित व्यवसायी ने 21 दिसंबर को शहर थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी. इसके आधार पर थाना में मामला दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.एसपी ने बताया कि 25 दिसंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कांग्रेस भवन के समीप नगर निगम के निर्माणाधीन भवन में छापेमारी की। इस दौरान दो युवकों मो. नाजीम और मुर्तजा अंसारी को हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी शहर थाना क्षेत्र के पहाड़ी मोहल्ला के रहने वाले हैं। छापेमारी के दौरान एक वैगनआर कार भी बरामद की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मो. नाजीम करीब सात महीने पहले इसी ज्वेलरी दुकान से आभूषण खरीद चुका था, जिससे उसे दुकान की गतिविधियों और स्थिति की पूरी जानकारी थी। बरामद कार मो. नाजीम के पिता के नाम पर पंजीकृत पाई गई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लगातार दुकान की रेकी कर रहे थे। दो दिन पहले उन्होंने दुकान का वीडियो बनाकर गैंगस्टर प्रिंस खान को भेजा था। फायरिंग कर दहशत फैलाने के लिए 22 दिसंबर को मो. नाजीम के खाते में 24 हजार रुपये भेजे गए थे। आरोपियों की योजना गुरुवार को दुकान के पास फायरिंग करने की थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि मो. नाजीम का आपराधिक इतिहास भी रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, लोहे का पाइप, ज्वेलरी दुकान की पर्ची, एक कार और एक बाइक बरामद की गई है।




