जादूगोड़ा में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट संपन्न, एवरग्रीन टेल्को बनी चैंपियन


जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के मुर्गाघूटू (नरवा पहाड़) में आदिवासी रिक्रिएशन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट रविवार को संपन्न हो गया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एवरग्रीन टेल्को और सीएमपी के बीच खेला गया।

रोमांचक फाइनल मैच में एवरग्रीन टेल्को की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीएमपी को 3-0 से पराजित किया और विजेता का खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती और टीमवर्क ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
टूर्नामेंट के साथ आयोजित खेल-कूद प्रतियोगिताओं में बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत प्रस्तुत बूढ़ी गाड़ी नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि राजदोहा गांव की मुखिया अनीता मुर्मू और जिला पार्षद हिरण्यमय दास ने विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आदिवासी रिक्रिएशन क्लब के अध्यक्ष लोबो मुर्मू, सचिव सुरेश मुर्मू, सहायक सचिव संजय हांसदा, खेल सचिव चिरंजीत कुमार मुर्मू सहित गोपीनाथ बास्के, पिथो मुर्मू, बुद्धेश्वर बास्के, वीरेंद्र हेंब्रम, मंगला सिंह, सदन सिंह, भरत सिंह, सिद्धो हांसदा, खेलाराम मुर्मू, राहुल मुर्मू और राहुल दास का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



