बंदूक की नोक पर दिया ट्रिपल तलाक,पति गिरफ्तार, हथियार जब्त, शाहजहांनाबाद इलाके के घटना


भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तीन तलाक का सनसनीखेज मामला सामने आया है.शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में एक पति ने बंदूक की नोक पर पत्नी को तीन तलाक दे दिया.महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, शाहजहानाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम के साथ-साथ BNS की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.28 साल की पीड़िता ने 2017 में फर्नीचर व्यवसायी मोहम्मद दानिश से शादी की थी.इस जोड़े के दो बच्चे हैं, लेकिन हाल ही में घरेलू झगड़ों के कारण उनके बीच तनाव बढ़ गया, जिसके कारण महिला एक हफ़्ते पहले अपने बच्चों के साथ अपने माता-पिता के घर चली गई.
महिला ने पुलिस को बताया कि जब उसने पति को बंदूक के साथ घर में घुसते देखा, तो वह डर के मारे एक कमरे में जा छिपी और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोपी ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने दरवाजे पर बंदूक तानकर धमकी दी और बाहर से ही तीन तलाक बोलकर चला गया।घटना से घबराई महिला ने तत्काल शाहजहांनाबाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी बंदूक जब्त कर ली गई है. थाना प्रभारी यूपीएस चौहान ने बताया कि “महिला सोमवार दोपहर थाने आई थी और उसने बताया कि उसका पति हथियार लेकर उसके घर आया और तीन तलाक दे दिया.बंदूक लाइसेंसधारी है, जिसे जब्त कर लिया गया है.मामले की जांच जारी है.प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.महिला के माता-पिता नहीं हैं, इसलिए वह अपने मामा के घर अशोक कॉलोनी में रह रही थी.पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति किसी अन्य महिला से संबंध रखता है और उसी से शादी करने के लिए उसने तलाक दिया.हालांकि आरोपी दानिश खान ने इन आरोपों को झूठा बताया है.उसने कहा कि उसकी पत्नी अपने मामा के घर रहना चाहती है, इसलिए वह उस पर गलत आरोप लगा रही है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है. बंदूक की नोक पर तीन तलाक का यह मामला पुलिस और शहरवासियों में चर्चा का विषय बना हुआ है.




