भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में मनाया गया ‘जनजातीय गौरव दिवस’


जमशेदपुर : भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आज जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियो को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सत्यप्रिय महालिक ने कहा कि शिक्षा एक मात्र ऐसा शस्त्र है जिस से सम्पूर्ण समाज को परिवर्तित किया जा सकता है। आदिवासी समुदाय के बहुमुखी विकास के लिए भी शिक्षा एक महत्वपूर्ण साधन है।
इतिहास विभाग की प्रो नूतन रानी ने बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजाति समुदाय जंगल की सुरक्षा के साथ जन की सुरक्षा के लिए भी सदा तैयार रहते हैं।
डॉ श्वेता कुमारी ने झारखंड की सामाजिक संरचना पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की सामाजिक समरसता अपने आप में एक उदाहरण है। यहां सभी संस्कृति और धर्मों के लोग शांति और सद्भावना के परिवेश में एक साथ रहते हैं।
प्रो हरेंद्र पंडित ने कहा कि झारखंड को कभी पिछड़ा और गरीब राज्य समझा जाता था, परंतु अब स्थिति बदल रही है। विकास के लगभग प्रत्येक क्षेत्र में झारखंड अब प्रगति कर रहा है। एक शिक्षक के रूप में इसके विकास के लिए जो योजना हम सभी के सामने है, सभी शिक्षक मिलकर उसका क्रियान्वयन करेंगे।।
इस अवसर पर मुख्य सहायक श्री मनमोहन ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन प्रो. हरेंद्र पंडित ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. कंचन गिरि ने किया। इस अवसर पर इतिहास विभाग की डॉ श्वेता कुमारी, डॉ नूतन रानी, डॉ प्रियंका कुमारी, हिंदी विभाग की प्रो कंचन गिरि, प्रो हरेंद्र पंडित, भौतिकी विभाग की डॉ विद्याराज डीजे, उर्दू विभाग की डॉ राफिया बेग़म, मनोविज्ञान विभाग की डॉ वाज़दा तबस्सुम, डॉ संगीता कुमारी एवं अन्य उपस्थित थे।


