रेलवे स्टेशन के बाहर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौत

टाटानगर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के एग्जिट गेट के बाहर शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी लाल यादव के रूप में हुई है, जो कचरा चुनने का कार्य करता था। हादसा शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब लाल यादव सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था और तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गया।


घटना के दौरान लाल यादव डिवाइडर पार कर रहा था। इसी बीच चाईबासा बस स्टैंड की ओर से आ रहे ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी है और अब ट्रेलर चालक व अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। स्थानीय नागरिकों ने स्टेशन क्षेत्र में भारी वाहनों के बढ़ते आवागमन पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई है।


