शहीद अलबर्ट एक्का के पुत्र से वापस लिया 9.25 लाख रुपये का ट्रैक्टर-रोटावेटर, भुगतान को लेकर अटका मामला

गुमला : परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के पुत्र विंसेंट एक्का को कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत मिला ट्रैक्टर और रोटावेटर कंपनी ने वापस ले लिया। दोनों की कुल कीमत 9.25 लाख रुपये बतायी गयी है। योजना के तहत 50 प्रतिशत राशि सरकारी अनुदान और शेष 50 प्रतिशत लाभुक को देना था। कंपनी के अनुसार लाभुक की हिस्सेदारी का भुगतान नहीं मिलने पर 30 अगस्त को भूमि संरक्षण विभाग के पदाधिकारियों की मौजूदगी में ट्रैक्टर और रोटावेटर वापस लिया गया। विंसेंट एक्का का कहना है कि उनके हिस्से की राशि भी सरकार की ओर से दी जानी थी। उन्होंने वाहन वापस लेने पहुंचे विभागीय पदाधिकारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया।


स्वराज कंपनी के प्रतिनिधि दीपक अग्रवाल के अनुसार, विंसेंट एक्का के आग्रह के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुमला उपायुक्त को ट्रैक्टर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। भूमि संरक्षण विभाग की पहल पर 23 दिसंबर 2024 को जारी गांव में उन्हें ट्रैक्टर और रोटावेटर दिया गया। दीपक अग्रवाल का दावा है कि लाभुक की हिस्सेदारी उपायुक्त फंड से देने की बात कही गयी थी, लेकिन कंपनी को राशि नहीं मिली। भुगतान के लिए कई बार संपर्क करने और ट्रैक्टर वापस लेने से करीब 10 दिन पहले लिखित सूचना देने के बाद कंपनी ने वाहन वापस ले लिया।
भूमि संरक्षण पदाधिकारी राम प्रकाश कुमार ने कहा कि योजना के अनुसार कुल लागत की 50 प्रतिशत राशि लाभुक को देनी थी, लेकिन यह राशि जमा नहीं हुई। इसी कारण फिलहाल ट्रैक्टर वापस लिया गया है। उनके अनुसार निर्धारित हिस्सेदारी जमा होने के बाद ट्रैक्टर वापस किया जा सकता है। वहीं, विंसेंट एक्का का आरोप है कि मंत्री और विधायक से पैरवी कराने के बावजूद राशि का इंतजाम नहीं हो पाया।


