झारखंड नगर निकाय चुनाव की समयसीमा तय, निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट को सौंपी रूपरेखा


झारखंड: झारखंड में लंबे समय से लंबित पड़े नगर निकाय चुनाव को लेकर अब स्पष्टता बनने लगी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की प्रस्तावित समयसीमा उच्च न्यायालय को सौंप दी है, जिसमें पूरे चुनाव कार्यक्रम की रूपरेखा शामिल है।

चुनाव आयोग ने बताया है कि चुनावी तैयारियों को पूरा करने में लगभग आठ सप्ताह लगेंगे। इसके बाद 45 दिनों के भीतर मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया सम्पन्न कराई जाएगी। आयोग का कहना है कि इस बार चुनाव को बिना देरी के संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है।
राज्य सरकार ने भी ओबीसी आरक्षण से संबंधित आवश्यक आंकड़े, जनसंख्या से जुड़े दस्तावेज और विभिन्न प्रशासनिक विवरण आयोग को उपलब्ध करा दिए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर वार्डवार आरक्षण सूची तैयार की जा रही है।
हाईकोर्ट ने आयोग से कहा है कि वह तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित करे और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दे। अदालत ने यह भी टिप्पणी की थी कि नगर निकाय चुनाव को लेकर पहले हुई देरी से प्रशासनिक व्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ा है, इसलिए अब प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाना आवश्यक है।
चुनाव की समयसीमा तय होने के बाद नगर निकाय क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियाँ भी तेज होने लगी हैं। संभावित प्रत्याशी अपने-अपने वार्ड में सक्रियता बढ़ा रहे हैं और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा फिर से शुरू हो गई है।



