कोयला स्टॉक धंसने से तीन महिलाओं की मौत, चार अन्य घायल

बोकारो : बेरमो कोयलांचल अंतर्गत सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र की कथारा कोलियरी के 5 नंबर स्टॉक यार्ड में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। कोयला चुनने के दौरान अचानक स्टॉक का कोयला धंसने से तीन महिलाएं उसके नीचे दब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान कोलियरी से सटी बांध बस्ती की कौशल्या देवी, पुष्पा देवी और सोहरी देवी के रूप में हुई है। इस घटना में इसी इलाके की तीन अन्य महिलाएं और एक पुरुष भी घायल हो गए। मृतकों में दो यादव समाज और एक रजवार समाज से थीं।


घटना के बाद कोयला चुन रहे अन्य ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और सभी को सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकीय जांच के दौरान तीनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेजने की तैयारी की जा रही थी। बताया गया कि बेरमो कोयलांचल में कोलियरियों के आसपास रहने वाले कई ग्रामीण चालू और बंद कोलियरियों के अलावा रेलवे रैक से कोयला इकट्ठा करते हैं। इसका इस्तेमाल वे जलावन के रूप में करते हैं और कुछ लोग इसे धंधेबाजों को बेचकर अपनी आजीविका चलाते हैं।


