कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, घाटों पर उमड़ी भीड़

जमशेदपुर : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को शहर के विभिन्न नदी घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। सोनारी स्थित दोमुहानी, मानगो स्वर्णरेखा नदी घाट और बड़ौदा घाट समेत अन्य घाटों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूर्योदय से पहले पहुंचे महिला, पुरुष और बच्चों ने नदी में स्नान कर भगवान से अपने और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की। घाटों पर दिनभर मेले जैसा माहौल बना रहा।


श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद नदियों में दीपदान किया और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। कुछ युवाओं ने नदी किनारे पटाखे भी जलाए। पूजा-पाठ के बाद लोगों ने ब्राह्मणों को दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया। इसके अलावा घाटों के किनारे बैठे जरूरतमंदों और भिक्षुकों के बीच अन्न, वस्त्र और रुपये-पैसे का दान किया।


