झारखंड में अगले कुछ दिन भारी बारिश और वज्रपात की संभावना, स्वतंत्रता दिवस के दिन भी बरसेंगे बदरा


Saraikela : झारखंड में अगले कुछ दिन बारिश और वज्रपात का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. रांची समेत झारखंड के सभी जिलों में अगले कुछ दिनों तक दोपहर बाद वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, 13 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में एक सक्रिय निम्न दबाव वाला क्षेत्र बन जाएगा. इसके कारण राज्य में बारिश और बिजली गिरने की गतिविधियां तेज होंगी. जिससे
तेज हवा और तापमान में गिरावट आएगी. इस समय राज्य में जो छिटपुट बारिश हो रही है, वह वज्रपात वाले बादलों के कारण है. 13 अगस्त से बादल निचले स्तर तक पहुंचेंगे, जिससे तेज हवा के झोंके चलेंगे और बिजली चमकने के साथ बारिश होगी. इसके अलावा, अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना भी है, जिससे गर्मी में राहत मिलेगी.

स्वतंत्रता दिवस पर भी बारिश का अनुमान-
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 15 अगस्त को यानी स्वतंत्रता दिवस के दिन भी दोपहर बाद राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रांची में रोजाना बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं. रांची में सोमवार को 44 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी. ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और पानी भराव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है.



