ट्रायल कोर्ट ने 10 साल में 1300 लोगों को दी फांसी की सजा,


Delhi: भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली में मृत्युदंड को लेकर एक चौंकाने वाला रुझान सामने आया है। नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के ‘स्क्वायर सर्कल क्लिनिक’ द्वारा जारी 10 वर्षों के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि निचली अदालतों द्वारा दी जाने वाली फांसी की सजा में गलत या अनुचित दोषसिद्धि का एक तय पैटर्न बन गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक दशक में जहां ट्रायल कोर्ट ने 1,310 लोगों को मौत की सजा सुनाई, वहीं उच्च न्यायालयों ने इनमें से केवल 70 मामलों में ही सजा की पुष्टि की। यह संख्या कुल मामलों का बेहद छोटा हिस्सा है, जो न्याय प्रक्रिया में निचली स्तर पर गंभीर खामियों की ओर इशारा करती है।अगस्त 2025 में ‘वसंत संपत दुपारे बनाम भारत सरकार’ मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला देते हुए कहा था कि मृत्युदंड की सुनवाई निष्पक्ष सुनवाई का एक अनिवार्य हिस्सा है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन और जेल रिकॉर्ड जैसी रिपोर्ट के बिना दी गई सजा मौलिक अधिकारों का उल्लंघन मानी जाएगी।भले ही ऊपरी अदालतें सजाएं कम कर रही हों, लेकिन ट्रायल कोर्ट से लगातार मिल रही सजाओं के कारण 31 दिसंबर, 2025 तक भारत में फांसी की सजा पाए कैदियों की संख्या 574 तक पहुंच गई है। यह 2016 के बाद का सबसे उच्चतम स्तर है। अकेले 2025 में सत्र न्यायालयों ने 128 लोगों को मौत की सजा सुनाई।उत्तर प्रदेश में मृत्युदंड पाए कैदियों की संख्या सबसे अधिक है। इसके बाद गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक का स्थान है। रिपोर्ट में एक और गंभीर मुद्दे की ओर ध्यान दिलाया गया है।




