T20 World Cup में डबल सुपर ओवर का रोमांच


Delhi : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुधवार को पहला सुपर ओवर मुकाबला खेला गया। ये केवल सुपर ओवर नहीं था, डबल सुपर ओवर हो गया। 20 ओवर का मैच पहले टाई हुआ और जब पहला सुपर ओवर खेला गया तो वो भी टाई हो गया। इसके बाद मैच का रिजल्ट दूसरे सुपर ओवर में चला गया। आखिरकार कड़ी मेहनत और पसीना बहाने के बाद साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान पर बाजी मार ली। इस तरह से जहां एक ओर साउथ अफ्रीका को दो अंक मिल गए, वहीं अफगानिस्तान को इससे महरूम रहना पड़ा।सुपर ओवर में अफगानिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और इस दौरान रहमानुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह उमरजई ने मिलकर बिना एक भी विकेट खोए 17 रन बनाए और साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 18 रनों का टारगेट दिया। बता दें कि इन 17 रनों में अकेले अजमतुल्लाह उमरजई ने 16 रन ठोके। इसके बाद साउथ अफ्रीका की ओर से डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस बल्लेबाजी करने के लिए उतरे, लेकिन 7 रन के स्कोर पर ब्रेविस कैच आउट हो गए। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स बल्लेबाजी के लिए उतरे और उन्होंने आखिरी गेंद पर जब साउथ अफ्रीका को 7 रनों की जरूरत थी तब छक्का जड़ा और मैच दूसरे सुपर ओवर में चला गया। पहला सुपर ओवर टाई होने के कारण मैच का फैसला दूसरे सुपर ओवर में हुआ। इस बार साउथ अफ्रीका पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी। यहां ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे, वहीं अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई गेंदबाजी के लिए आए। इस दौरान डेविड मिलर ने 4 गेंदों पर 16 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 2 गेंदों पर 7 रन बनाए और साउथ अफ्रीका की टीम ने 23 रन बनाए और अफगानिस्तान को जीत के लिए 24 रनों का टारगेट मिला। अफगानिस्तान की ओर से इस सुपर ओवर में मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई बल्लेबाजी करने के लिए उतरे। लेकिन सुपर ओवर की दूसरी गेंद पर मोहम्मद नबी आउट हो गए। इस वक्त अफगानिस्तान का स्कोर 0/1 हो गया। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज बल्लेबाजी के लिए उतरे और उन्होंने तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़े, लेकिन आखिरी गेंद पर जब 5 रनों की जरूरत थी वह आउट हो गए और साउथ अफ्रीका मैच जीत गई।टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (59) और रेयान रिकेल्टन (61) ने दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की तूफानी साझेदारी की। हालांकि, मध्यक्रम में राशिद खान और नवीन उल हक ने वापसी कराई, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 187 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।




