कांड्रा लहाकोठी के चिकित्सक डॉ गंगाधर महतो के इकलौते पुत्र ने लगाई फांसी,


कांड्रा : कांड्रा थाना क्षेत्र के लहाकोठी निवासी प्रख्यात चिकित्सक डॉ गंगाधर महतो के इकलौते पुत्र प्रकाश महतो (27 वर्ष) ने शनिवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. प्रकाश देहरादून में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था और करीब पांच दिन पूर्व ही देहरादून से कांड्रा स्थित अपने पैतृक घर आया था.परिजनों के मुताबिक, वह करीब पांच दिन पहले ही देहरादून से लौटा था। घर आकर वह सामान्य रूप से व्यवहार कर रहा था, लेकिन रात में जो हुआ, उसने सबको स्तब्ध कर दिया।

बीती रात काफी देर तक प्रकाश अपने कमरे से बाहर नहीं आया। पहले तो किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब रात गहरा गई और वह बिल्कुल चुप रहा, तो परिवार वालों को चिंता होने लगी। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, पुकारा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आखिरकार जब दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, तो जो नजारा सामने आया, वो किसी के भी होश उड़ा देने वाला था। प्रकाश फंदे से लटका हुआ था।
परिजन चीख-पुकार मचाकर रोने लगे। किसी तरह उसे फंदे से उतारा गया और फौरन तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पूरा परिवार सदमे में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घर का पूरा निरीक्षण किया, परिजनों से लंबी पूछताछ की और सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। अभी तक कोई सुसाइड नोट या स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है, लेकिन जांच जारी है।



