इश्क की राजधानी बदली, दिल अब मुंबई में धड़कता है…इश्क और प्यार के मामले में मुंबई शीर्ष पर: शहर बना मोहब्बत का मक्का

0
Advertisements
Advertisements

(लोक आलोक न्यूज़ विशेष रिपोर्ट) — जब भी मोहब्बत की बात होती है, तो ज़हन में अक्सर कोई हसीन वादियाँ या शांत पहाड़ों के बीच बसी कोई कहानी आती है। लेकिन हकीकत ये है कि आज के दौर में मोहब्बत की सबसे ज्यादा धड़कन अगर कहीं सुनाई देती है, तो वो है – देश की आर्थिक राजधानी मुंबई। हाल ही में एक अंतरराष्ट्रीय डेटिंग ऐप द्वारा कराए गए सर्वे ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए। इस सर्वे के मुताबिक मुंबई भारत का सबसे ‘रोमांटिक’ शहर बनकर उभरा है, जहां प्यार की तलाश करने वाले लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है। दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता जैसे बड़े और आधुनिक शहर भी इस मामले में मुंबई से पीछे रह गए। मुंबई की पहचान सिर्फ उसकी तेज़ रफ्तार जिंदगी, ग्लैमर और फिल्म इंडस्ट्री से नहीं है, बल्कि ये शहर प्यार को जीता है – खुले तौर पर, बिना किसी झिझक के। यहां के युवा रिश्तों को लेकर ज्यादा प्रैक्टिकल और ओपन माइंडेड हैं। वो डेटिंग, रिलेशनशिप, और यहां तक कि मैरिज से पहले की अंडरस्टैंडिंग को अहमियत देते हैं। बॉलीवुड मुंबई की धड़कन है। शायद यही वजह है कि यहां हर दिल अपने अंदर एक ‘राज’ और ‘सिमरन’ को पाल रहा है। मरीन ड्राइव, कार्टर रोड, बांद्रा बैंडस्टैंड जैसे जगहें सिर्फ घूमने की नहीं, बल्कि दिल लगाने की भी पसंदीदा जगहें हैं। सर्वे के अनुसार, डेटिंग ऐप्स पर सबसे ज्यादा ऐक्टिव यूज़र्स मुंबई से हैं। सप्ताह में औसतन 2 से 3 डेट्स और हजारों नए मैच बनने की बात इस बात की पुष्टि करती है कि मुंबई वालों के दिल तेजी से धड़कते हैं। वहीं दिल्ली फ्लर्टिंग में भले ही आगे हो लेकिन जब बात सीरियस रिश्तों की आती है तो वहां थोड़ी झिझक दिखती है। बेंगलुरु तकनीक में माहिर है और डिजिटल डेटिंग को खूब अपनाता है लेकिन भावनात्मक जुड़ाव में थोड़ा पीछे है। कोलकाता की मोहब्बत गहरी तो है लेकिन धीमी है, और हैदराबाद-पुणे जैसे शहर धीरे-धीरे ट्रेंड पकड़ रहे हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि “मुंबई की तेजी और विविधता लोगों को न सिर्फ प्रोफेशनल ग्रोथ देती है, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव का मंच भी बनती है। यहां लोग रिश्तों को वक्त देते हैं, उन्हें संजोते हैं।” समंदर की लहरें जब मरीन ड्राइव से टकराती हैं, तो वहां बैठे जोड़े खामोशी में भी सब कुछ कह जाते हैं। चौपाटी की भेलपुरी हो या रात की लोकल ट्रेन, हर कोने में कोई न कोई दिल धड़क रहा होता है। यहां प्यार सिर्फ अमीरों की जागीर नहीं, झुग्गियों से लेकर हाइराइज़ तक मोहब्बत एक सी दिखती है। सोशल मीडिया पर भी मुंबई के #LoveInMumbai, #BandstandLove, #MarineDriveDates जैसे हैशटैग्स लगातार ट्रेंड कर रहे हैं। यहां के कपल्स अपनी जिंदगी को खुलकर जीते हैं और इसे शेयर करने में हिचकते नहीं। मुंबई सिर्फ एक शहर नहीं, ये एक एहसास है – मोहब्बत का, अपनत्व का और जिंदगी को बेखौफ जीने का। यहां लोग सिर्फ नौकरी या करियर के लिए नहीं आते, कई बार किस्मत उन्हें यहां किसी खास से मिलाने लाती है। तो अगर आपका दिल भी किसी खास को तलाश रहा है, तो हो सकता है आपकी ‘लव स्टोरी’ की शुरुआत इसी शहर की भीड़ में कहीं छिपी हो।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed