टेल्को को-ऑपरेटिव सोसाइटी प्रबंधन और कामगारों के बीच लंबित मामलों को लेकर तनाव, 15 दिसंबर तक का अल्टीमेटम, 16 को होगा घेराव


Saraikela : टेल्को को-ऑपरेटिव सोसाइटी प्रबंधन और कामगारों के बीच लंबित मामलों को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे के नेतृत्व में दूसरी बार कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. दूबे ने प्रबंधन को 15 दिसंबर 2025 तक लंबित मांगों और मासिक वेतन भुगतान के मुद्दे को सुलझाने के लिए अंतिम अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय-सीमा के भीतर समाधान नहीं किया गया, तो 16 दिसंबर को सोसाइटी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा. इसके बाद भी यदि प्रबंधन उदासीन रहता है, तो चरणबद्ध आंदोलन और अनिश्चितकालीन घेराव की रणनीति अपनाई जाएगी. जिसकी पूरी जिम्मेदारी सोसाइटी प्रबंधन पर होगी.
दूबे ने बताया कि कई बार बातचीत और याद दिलाने के बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है. उन्होंने कहा कि मासिक वेतन जो सामान्यतः हर महीने की 2 तारीख तक मिल जाना चाहिए था, वह अब तक लंबित है। इससे कामगारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है.
नेता आनंद बिहारी दूबे ने 17 मई से जुड़े अनुमोदन-संबंधी मामलों, कामगारों के अधिकारों और आवश्यक दस्तावेजों के निपटारे की मांग की और स्पष्ट कहा कि सभी फाइलों का निष्पादन हर हाल में 15 दिसंबर तक होना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान सामंतो कुमार, धीरज कुमार सिंह, त्रिनाथ, सुशील घोष, अभिनीत कुमार यादव, सन्नी कुमार सिंह, निखिल तिवारी, रोहन कुमार मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.




