मानगो में सुधा गुप्ता की मैराथन पदयात्रा, बोलीं—“कार्पेट पर मुहर लगाएं, रुके विकास को देंगे गति”


जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने विभिन्न इलाकों में पदयात्रा कर जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया। उन्होंने समर्थकों के साथ मानगो बगानबस्ती, बालीगुमा, मुंशी मोहल्ला, गुरुद्वारा रोड, उलीडीह, राजेंद्र नगर, कुंवर सिंह रोड, सुमन होटल, डिमना रोड, राजस्थान भवन, कोहिनूर टावर रोड नंबर 1, ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 13, मोतीमहल और जवाहरनगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर संपर्क किया।

पदयात्रा के दौरान समर्थकों ने लोगों से सुधा गुप्ता के पक्ष में मतदान की अपील की। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। सुधा गुप्ता ने दावा किया कि उन्हें हर क्षेत्र से भरपूर समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने मतदाताओं से 23 फरवरी को अपने घरों से निकलकर चुनाव चिन्ह ‘कार्पेट’ (क्रम संख्या 11) पर मुहर लगाने की अपील की। पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिससे पूरे इलाके में चुनावी उत्साह देखा गया।
सुधा गुप्ता ने कहा कि वे जनता की सेवा के लिए चुनाव मैदान में उतरी हैं और मेयर बनने पर जनता की आवाज के रूप में काम करेंगी। उन्होंने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
उन्होंने कहा कि कचरे के स्थायी समाधान, नियमित सफाई, पेयजल व्यवस्था और गली-मोहल्लों की सड़कों का निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका लक्ष्य मानगो नगर निगम की स्थापना का लाभ आम जनता तक पहुंचाना है।



