यूरेनियम और होर्मुज पर फंसा पेच, अमेरिका-ईरान वार्ता में नहीं बनी सहमति, तनाव बरकरार


कोलकाता : अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता में प्रमुख मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई है। दोनों देशों के बीच बातचीत का सबसे बड़ा अड़चन बिंदु ईरान का यूरेनियम भंडार और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर है। इन मुद्दों पर दोनों पक्षों का रुख सख्त बना हुआ है, जिससे समझौते की संभावना फिलहाल कमजोर दिख रही है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने उच्च-समृद्ध यूरेनियम भंडार को सीमित करे या किसी तीसरे पक्ष को सौंप दे, जबकि ईरान इसे अपने देश में ही रखने पर अड़ा हुआ है। इसी तरह होर्मुज जलडमरूमध्य में नियंत्रण और आवाजाही पर शुल्क लगाने जैसे प्रस्तावों को लेकर भी दोनों देशों में मतभेद जारी हैं, जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम मार्ग माना जाता है।
इन मुद्दों पर लगातार बातचीत के बावजूद अब तक कोई ठोस समझौता नहीं हो सका है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक इन प्रमुख विवादों का समाधान नहीं निकलता, तब तक अमेरिका-ईरान संबंधों में तनाव बना रह सकता है और क्षेत्रीय स्थिति भी अस्थिर बनी रहेगी।


