16 घंटे की मेहनत से सोनाली ने सैंड कलर से बनाई 5 फीट की राधा-कृष्ण रंगोली

जमशेदपुर : किसी ने रंगों से कैनवास सजाया तो किसी ने फूलों से भक्ति का संसार रचा, लेकिन नॉर्दर्न टाउन स्थित शृकुंज हाउस में सोनाली आडेसरा ने सैंड कलर से अनूठी कलाकृति तैयार कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। गुजराती नववर्ष के अवसर पर उन्होंने भगवान कृष्ण और राधा की भव्य रंगोली बनाई। पांच फीट लंबी और चार फीट चौड़ी इस रंगोली को तैयार करने में उन्हें पूरे 16 घंटे लगे। रंगों की बारीकियां, चेहरे के भाव और आकृतियों की खूबसूरती इसे सामान्य रंगोली से अलग बनाती है।


सोनाली ने पूरी कलाकृति हाथों से तैयार की है। सैंड कलर के विभिन्न रंगों और उनकी परतों के इस्तेमाल से उन्होंने राधा-कृष्ण की आकृतियों को जीवंत रूप देने का प्रयास किया है। अपनी कला के बारे में सोनाली का कहना है कि रंगोली बनाना उनके लिए केवल कलाकृति तैयार करना नहीं, बल्कि भगवान के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करने का माध्यम है। उनके शब्दों में, ‘हर स्ट्रोक भगवान से मेरी एक बातचीत है।’ उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी और बारीक रंगोली बनाने में काफी मेहनत लगती है और परिवार का सहयोग उन्हें नए प्रयोग करने की प्रेरणा देता है।
सोनाली के पति कौशल अडेसरा और ससुर अश्विन अडेसरा उनकी कला को लगातार प्रोत्साहित करते हैं। अश्विन अडेसरा प्रतिष्ठित छगनलाल दयालजी संस परिवार से जुड़े हैं। मूल रूप से मुंबई की रहने वाली सोनाली अब जमशेदपुर को अपना घर बना चुकी हैं। वह अपनी कलाकृतियों के माध्यम से लोगों के बीच शांति, खुशी और सकारात्मकता का संदेश फैलाना चाहती हैं। गुजराती नववर्ष पर बनाई गई उनकी राधा-कृष्ण रंगोली में भक्ति और कलात्मकता का सुंदर संगम देखने को मिला।


