शिविर के बाहर बुलडोजर बाबा के नारे,


प्रयागराज : प्रयागराज के माघ मेले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर के बाहर शनिवार को हंगामा हुआ, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का मौनी अमावस्या स्नान रोकने पर धरना जारी है, और राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण मामला गरमाया है. अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने योगी सरकार पर धार्मिक विवाद का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है.जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 जनवरी 2026 को शाम करीब 6:30 से 7:30 बजे के बीच हुई. शिविर में मौजूद सेवकों और कार्यकर्ताओं ने सूझबूझ दिखाते हुए उपद्रव कर रहे लोगों को शांतिपूर्वक बाहर निकाल दिया, जिससे कोई बड़ी घटना होने से टल गई. हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हालात इतने गंभीर थे कि किसी भी वक्त मारपीट हो सकती थी.बताया जा रहा है कि शिविर के बाहर ही शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती श्रद्धालुओं के बीच शांतिपूर्वक विराजमान रहते हैं और बड़ी संख्या में भक्त वहां मौजूद रहते हैं. ऐसे में इस तरह की घटना से संतों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.घटना के बाद शिविर प्रबंधन की ओर से प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई है. शिकायत में मांग की गई है कि अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उनकी पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही शिविर और उसके आसपास पर्याप्त पुलिस बल की स्थायी तैनाती की मांग भी की गई है.शिकायत में यह भी कहा गया है कि अगर भविष्य में किसी भी तरह की अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मेला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी. घटना के बाद से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.




