झारखंड में छह प्रमुख इनामी माओवादी बचे, सभी पर कुल 55 लाख रुपये का इनाम

झारखंड : प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के खिलाफ सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और आत्मसमर्पण के बीच अब छह प्रमुख इनामी माओवादी सुरक्षा एजेंसियों की सूची में बचे हैं। इन सभी पर कुल 55 लाख रुपये का इनाम घोषित बताया गया है। इनमें सबसे अधिक 15 लाख रुपये का इनाम गया निवासी नितेश यादव उर्फ इरफान उर्फ नन्दू उर्फ किरानी पर है, जिसे संगठन में आरसीएम स्तर का सदस्य बताया गया है।


इनामी माओवादियों में अधिकांश का संबंध लातेहार, पलामू और गढ़वा जिले से है। पहले इनका प्रभाव शंख-कोयल जोन और बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में था। बूढ़ा पहाड़ में सुरक्षा बलों की कार्रवाई तेज होने के बाद संगठन के कई सदस्य सारंडा क्षेत्र चले गए थे, लेकिन अब वहां भी उनकी मौजूदगी की स्पष्ट जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को नहीं मिल रही है। नक्सली कमांडर सचिन के आत्मसमर्पण और एक करोड़ के इनामी माओवादी आकाश की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान बचे हुए इनामी माओवादियों की तलाश पर केंद्रित है।
सूची में लातेहार के नगराटोला हेम्बरवार निवासी मनोहर गंझू उर्फ सोहन उर्फ दिनेश और पलामू के देवगन गांव निवासी गोदराय यादव उर्फ संजय यादव पर 10-10 लाख रुपये का इनाम है। गढ़वा के रंका थाना क्षेत्र के झिंगुरा गांव निवासी पंकज कोरवा और डंडई थाना क्षेत्र के लावाही निवासी राजू भुइयां पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है। पंकज कोरवा और राजू भुइयां को संगठन में सब-जोनल कमेटी स्तर का सदस्य बताया गया है।


